
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : 2016 के बाद 2021 के विधानसभा चुनाव में भी नंदीग्राम से शुभेंदु अधिकारी उम्मीदवार बने हैं। हालांकि इस बार अंतर काफी बड़ा है। जोड़ा फूल के बदले इस बार उनका चुनावी चिह्न कमल है। गत शुक्रवार को शुभेंदु अधिकारी ने नामांकन दाखिल किया था। चुनाव आयोग के नियम अनुसार, उन्होंने संपत्ति की घोषणा भी की है। एफिडेविट के अनुसार, वर्तमान में शुभेंदु अधिकारी की चल और अचल संपत्ति का कुल मूल्य 90 लाख 6 हजार 149 रुपये 32 पैसे हैं। 5 वर्षों पहले विधानसभा चुनाव का नामांकन जमा देने के दौरान उनकी संपत्ति का कुल परिमाण 62 लाख 60 हजार 742 रुपये 35 पैसे था। हिसाब के अनुसार, पिछले 5 वर्षों में शुभेंदु की संपत्ति का परिमाण 27 लाख 45 हजार 406 रुपये 97 पैसे बढ़ा है। 2016 में शुभेंदु की अचल संपत्ति (नगद के अलावा बैंक में रखे रुपये, शेयर, अन्य निवेश, गाड़ी इत्यादि) का परिमाण 18 लाख 52 हजार 242 रुपये 35 पैसे था। वहीं उनकी चल संपत्ति (जमीन, घर इत्यादि) का मूल्य 44 लाख 8 हजार 500 रुपये था। अभी शुभेंदु की अचल संपत्ति का परिमाण 59 लाख 31 हजार 647 रुपये 35 पैसे है। हलफनामे के अनुसार, शुभेंदु की अपनी कोई गाड़ी या गहने आदि नहीं हैं। नामांकन में शुभेंदु ने बताया है कि वर्ष 2011 में रवींद्र भारती विश्वविद्यालय से उन्होंने एमए पास किया है। 2019-20 वित्त वर्ष में शुभेंदु ने 11 लाख 15 हजार 715 रुपये की कमाई की है।