
कोलकाता : प्रेम मिलन (कोलकाता) व ताइक्वांडो मार्शल आर्ट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को वृहत्तर बड़ा बाजार के वार्ड संख्या 25 स्थित सिंघी बागान इलाके में जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर स्थानीय विधायक स्मिता बक्सी, पूर्व विधायक संजय बक्सी, वार्ड संख्या 41 की कोर्डिनेटर रीता चौधरी, प्रेम मिलन (कोलकाता) के सचिव चंद्रकांत सराफ, समाजसेवी दामोदर मोर के अलावा मनोज सिंह, विनोद सिंह, डॉ उमेश चौधरी, राजेश जायसवाल व अशोक ओझा समेत कई जानेमाने लोग बतौर अतिथि उपस्थित थे।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए विधायक स्मिता बक्सी ने कहा प्रेम मिलन मानव सेवा के क्षेत्र में जैसा महत्वपूर्ण काम कर रहा है वह काबिलेतारीफ है। चाहे अंधत्व निवारण हो, दंत चिकित्सा हो, वस्त्र वितरण हो, पाठ्य सामग्री वितरण हो या फिर खाद्य सामग्री वितरण का मामला हो चंद्रकांत सराफ के नेतृत्व में प्रेम मिलन के सदस्य नि:स्वार्थ भाव से जुटे रहते हैं। पूर्व विधायक संजय बक्सी ने कहा कि प्रेम मिलन मानव सेवा का पर्यायवाची बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रेम मिलन के सचिव चंद्रकांत सराफ के कानों तक बस यह बात पहुंचनी चाहिए कि अमुक जगह अमुक सेवा की जरूरत है वे हर संभव सेवा को तत्पर हो जाते हैं। चंद्रकांत सराफ ने बताया कि आज 300 जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण किया गया। सराफ ने बताया कि कंबल वितरण समारोह के विशेष सहयोगी रहे सज्जन सराफ, पवन तोदी व दामोदर मोर। कंबल वितरण समारोह को सफल बनाने में अनिल चौधरी, मनोज जायसवाल, राजकुमार बागला, रेणु सिंह, अशोक शर्मा, शंकर सिंह, दिलीप सराफ व विजय मिश्रा ने सक्रिय भूमिका निभाई।