
भाटपाड़ा : भाटपाड़ा में एक बार फिर छिनताईबाजों ने बिना किसी खौफ के एक गैर सरकारी कर्मी को उसकी मोटरसाइकिल छिनताई का विरोध करने पर गोली मार दी। गंभीर अवस्था में विभूति घोष (48) को कल्याणी के जेएनएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उल्लेखनीय है कि गत कुछ महीने पहले ही भाटपाड़ा अंचल के कांकीनाड़ा स्टेशन पर छिनताईबाजों ने रुपये छिनताई का प्रतिवाद करने पर 2 युवकों पर बम से हमला कर दिया था जिसमें एक की मौत हो गयी थी।
प्रशासन और कानून पर से भय हो गया है खत्म
इस घटना को लेकर स्थानीय लाेगों ने काफी हो-हल्ला मचाया और प्रदर्शन भी किया। कुछ दिनों बाद ही वहां के असामाजिक तत्व फिर से गलत कार्यो को अंजाम देने के लिए सिर उठाने लगे। ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे उनको प्रशासन का भय नहीं रह गया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना रविवार की रात कल्याणी एक्सप्रेस वे के कुतुबपुर इलाके में घटी। विभूति घोष रात लगभग 11 बजे अपनी मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था जब अभियुक्तों ने उसका रास्ता रोककर उसे बाइक खड़ी करने के लिए मजबूर कर दिया। उसके बाइक रोकते ही उन्होंने विभूति के गले की सोने की चेन, उसका बैग और मोबाइल फोन छीन लिया। अभियुक्तों ने जब उसकी मोटरसाइकिल छीनने की कोशिश की तो वह अड़ गया। इस बीच एक अभियुक्त ने अपने पॉकेट से गन निकालकर उसकी पेट में गोली मार दी और वे सभी मोटरसाइकिल लेकर भाग निकले।
छिनताई का मामला है या कुछ और
उसी रास्ते से गुजरने के क्रम में स्थानीय कुछ लोगों की उस पर नजर पड़ी। उन्होंने इस बाबत पुलिस को खबर देने के बाद उसे कल्याणी जेएनएम अस्पताल पहुंचाया जहां गंभीर अवस्था में उसे भर्ती करवाया गया, वह चिकित्साधीन है। इस घटना को लेकर पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि यह छिनताई का मामला है या फिर योजना बनाकर उसकी हत्या की कोशिश की गयी है।