
हावड़ा : हावड़ा में एक वृद्ध ने बेटी व दामाद से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। घटना मालीपांचघड़ा थानांतर्गत सलकिया के बनारस रोड की है। पुलिस के अनुसार मृतक का नाम तारक घोष है। वह उक्त इलाके का ही रहनेवाला था। आरोप है कि वह काफी मानसिक उत्पीड़न का शिकार था। इसके कारण उसने मजबूरन आत्महत्या कर ली। इस मामले में वृद्ध की बेटियों व दामाद को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि एक दामाद अब तक फरार है। बेटियों के नाम मोम घोष व इंद्रानी घोष एवं दामाद अमित प्रसाद गुप्ता हैं। वहीं फरार दामाद प्रसन्नजीत अधिकारी की तलाश जारी है। आरोप है कि दोनों बेटियां लगातार अपने पिता पर अत्याचार करती थीं। उसे न ही ठीक से खाने दिया जाता था और न ही दवाइयां उसे समय पर मिलती थीं। उसने कई बार पड़ोसियों से मदद भी मांगी लेकिन कोई भी मदद नहीं मिली। इससे परेशान होकर उसने आत्महत्या करने का निर्णय किया। इसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गयी। मौके पर पहुंची मालीपांचघड़ा थाना की पुलिस ने अभियुक्तों को आईपीसी की धारा 306 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।