
बस एक क्लिक में मिलेगा जन्म प्रमाणपत्र
प्रशासक ने किया केएमसी वेब पोर्टल का शुभारंभ
कोलकाता : कोलकाता नगर निगम में अब जन्म प्रमाणपत्र के लिये लोगों को निगम मुख्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि अब जन्म प्रमाणपत्र से जुड़ी सारी प्रक्रियाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएंगी। आवेदन करने के बाद अपने समयनुसार स्लॉट बुकिंग कर निगम मुख्यालय में आकर जन्म प्रमाणपत्र ले सकते हैं। शनिवार को निगम मुख्यालय में कोलकाता नगर निगम के प्रशासक फिरहाद हकीम ने इस वेब पोर्टल का शुभारंभ किया। इस दौरान उनका कहना था कि अब लोगों को जन्म प्रमाण पत्र के लिये घंटों लाइन में खड़े रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ऑनलाइन सारी प्रक्रिया को पूरा कर लोग आसानी से जन्म प्रमाणपत्र पा सकते हैं। जिन बच्चों का जन्म अस्पताल व नर्सिंग होम में होता है उस क्षेत्र में अस्पताल भी केएमसी के वेब पोर्टल पर जाकर बच्चों से जुड़ी जानकारी डाल सकते है, लेकिन एक बार जन्म प्रमाणपत्र के लिये लोगों को निगम मुख्यालय आना होगा।
ऑनलाइन जन्म प्रमाणपत्र के लिये कैसे कर सकते हैआवेदन
कोलकाता नगर निगम की ओर से जारी की गयी वेबसाइट (https://www.kmcgov.in) या (Birthcertificate.kmcgov.in) पर जाकर जन्म प्रमाणपत्र से जुड़ी सारी जानकारियां देनी होंगी। इसके साथ ही व्यक्ति अपनी सुविधा अनुसार दिन व समय निर्धारित कर ऑनलाइन स्लॉट बुक कर सकता है और चाहे तो ऑनलाइन पेमेन्ट कर सकता है। उसके बाद उसे निगम मुख्यालय आने के साथ ही जन्म प्रमाणपत्र आसानी से मिल जाएगा।