
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : हरिदेवपुर थानांतर्गत एमजी रोड इलाके में सास पर हथौड़ी से हमला करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त का नाम पी राजा है। घायल महिला का नाम गीता चक्रवर्ती है। उसे इलाज के लिए गंभीर अवस्था में अलीपुर के कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार पी राजा का अपनी पत्नी के साथ बीते कुछ साल विवाद चल रहा था। ऐसे में उसकी पत्नी हरिदेवपुर स्थित अपनी मां के साथ फ्लैट में रहती थी। आरोप है कि शनिवार को अभियुक्त पत्नी को खोजते हुए अपने ससुराल पहुंचा। घटना के समय उसकी पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी। इस दौरान पी राजा का अपनी सास के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान पी राजा ने उसके सिर पर हथौड़ी से हमला कर दिया गया। हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोट आयी। उसे आनन-फानन में पहले एक प्राइवेट अस्पताल और बाद में अलीपुर के कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में महिला की शिकायत पर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया।