
कोलकाता : मौसम विभाग के अनुसार मानूसन बुधवार की दोपहर दक्षिण बंगाल में प्रवेश कर गया। हालांकि उत्तर बंगाल की तुलना में दक्षिण बंगाल में पहुंचा मानसून तुलनात्मक रूप से कमजोर है। मानसून पहुंचने के कारण दक्षिण बंगाल में शनिवार से बारिश तेज होगी। दक्षिणी जिलों में भी सप्ताह के अंत में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। मानसूनी हवाएं सिलिगुड़ी से मालदह की ओर चलेंगी। उत्तर बंगाल के बचे हुए हिस्सों में मानसून गुरुवार की दोपहर तक पहुंचने का अनुमान है। इसके बाद मानसूनी हवाएं उत्तर बंगाल से दक्षिण बंगाल से झारखंड और ओडिशा की ओर चलेंगी। इस बीच कोलकाता में हल्के बादल छाये रहेंगे जिससे चिपचिपी गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। दोपहर के समय बादलों की गरज के साथ बारिश का अनुमान है। अगले 72 घंटों के दौरान उत्तर बंगाल के पांच जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है। अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार के कुछ हिस्सों में आज भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने गुरुवार से बंगाल के लगभग सभी जिलों और गांगेय इलाकों में बारिश होने का अनुमान जताया है।