
कोलकाता : सोमवार यानी आज से मेट्रो अब सुबह 7 बजे से रात 10.30 बजे तक दौड़ेगी। मेट्रो रेलवे ने अपनी ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। इसके तहत पहली मेट्रो 8 बजे के बजाये 7 बजे अपने गंतव्य से छूटेगी और अंतिम मेट्रो रात में 9 के बजाये 9.30 बजे छूटेगी। इस बारे में मेट्रो के जीएम मनोज जोशी ने सन्मार्ग को बताया कि सोमवार से मेट्रो सुबह 7 बजे से रात 10.30 बजे तक चलेगी। पहली ट्रेन 1 घंटे पहले यानी 7 बजे से की गयी है। वहीं अंतिम ट्रेन के समय में 30 मिनट का इजाफा करते हुए 9.30 बजे कर दिया गया है। अर्थात दमदम व कवि सुभाष से अंतिम ट्रेन रात 9.30 बजे छूटेगी। वहीं नोआपाड़ा से 9.25 बजे छूटेगी।
टाइमिंग के साथ सर्विसेज भी बढ़ी
इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा को देखते हुए कोलकाता मेट्रो की ओर से टाइमिंग के साथ सर्विसेज को भी बढ़ाया गया है। इसके पहले 190 सर्विसेज होती थी, लेकिन उसे बढ़ाकर 204 सर्विसेज की गयी, अर्थात 14 अतिरिक्त सर्विसेज की गयी है। जीएम ने बताया कि वृद्ध के लिए तो पहले से ही ई-पास की जरूरत नहीं थी। वहीं महिलाओं व 15 साल से नीचे के बच्चों के लिए भी ई-पास जरूरी नहीं है। उन्होंने बताया कि सुबह के समय ज्यादा भीड़ नहीं होती है तो ऐसे में पहली मेट्रो के समय से यानी सुबह 7 से 8.30 के बीच ई-पास की जरूरत नहीं है। इसके अलावा रात 8 बजे के बाद भी मेट्रो में लोग बिना ई पास के सफर कर सकते हैं।