
सन्मार्ग संवाददाता
हुगली/ बेहला : राज्य में दो चरणों में चुनाव हो चुके हैं और बाकी 6 चरणों के चुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियां अपना प्रचार जोर-शोर से कर रही हैं। तृणमूल युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद अभिषेक बनर्जी लगातार प्रचार कर रहे हैं। शनिवार को उन्होंने हुगली में रोड शो और सभाएं कीं। वहीं दक्षिण 24 परगना के बेहला पश्चिम में सभा की। अभिषेक बनर्जी ने सभा से भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने प्रश्न किया कि अम्फान व कोविड के समय भाजपा नेता कहां थे। उस समय ममता बनर्जी सड़क पर थीं। अभी जो भाजपा नेता डेली पैसेंजरी कर रहे हैं वे लोगों के विपद में खड़े नहीं रहे। लोगों के विपद के समय केवल ममता बनर्जी खड़ी रहती हैं।
उन्होंने हिन्दुत्व के मुद्दे पर यूपी के मुख्यमंत्री पर निशाना साधा और प्रश्न किया कि क्या उनसे हमें हिन्दुत्व सीखना होगा ? जिनके राज्य में सबसे ज्यादा बलात्कार और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार हुए हैं। धनियाखाली की सभा से अभिषेक ने नाम लिये बिना भाजपा सांसद पर निशाना साधा और कहा कि उनका सिर्फ दो ही काम है। सुबह और शाम ममता बनर्जी की बुराई करना। पर्णश्री की सभा से अभिषेक ने कहा कि भाजपा को खोजने से भी प्रार्थी नहीं मिल रहे थे। भाजपा लोगों को गलत समझाने की कोशिश कर रही है।