
भाजपा की वजह से खाद्य संकट की ओर बढ़ रहा है देश
कहा – भाजपा कबाड़ पार्टी, जिस दिन भाजपा चुनाव हारेगी, उसके कार्यकर्ता भी ट्रम्प समर्थकों की तरह करेंगे बर्ताव
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता / नदिया : विश्व प्रसिद्ध गंगासागर जाने वाले तार्थयात्रियों को शुभकामनाएं देने आउट्राम घाट पर पहुंचीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि सांस की अंतिम घड़ी तक देश को टूटने नहीं दूंगी। सीएम ने यहां विवेकानंद की तस्वीर पर माला चढ़ाकर उन्हें नमन किया और कहा कि स्वामीजी किसी एक के नहीं हैं बल्कि सभी के हैं। नाम लिये बिना सीएम ने भाजपा पर यह कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कई समस्याओं से हमारा देश घिरा है, जब तक जीऊंगी आम जनता के लिए जीऊंगी। किसी भी हाल में देश को बंटने नहीं दूंगी।वहीं नदिया के रानाघाट में जन सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के ‘अड़ियल’ रवैये की वजह से देश खाद्य संकट की ओर बढ़ रहा है। किसान हमारे देश की पूंजी हैं और हमें ऐसा कुछ नहीं करना चाहिए जो उनके हितों के विरुद्ध हो। ममता ने कहा कि दूसरे राजनीतिक दलों के ‘बेकार’ नेताओं को शामिल करके भाजपा ‘कबाड़’ पार्टी बन रही है। जिस दिन भाजपा बंगाल में चुनाव हारेगी उस दिन भगवा कैडरों का बर्ताव ट्रम्प समर्थकों की तरह होगा। उन्होंने नदिया जिले के रानाघाट में सभा को संबोधित करते हुए तीनों कृषि कानूनों को तत्काल वापस लिये जाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे किसानों की भी यही मांग है।
वाशिंग मशीन की तरह पार्टी को चलाती है भाजपा
ममता ने कहा कि भाजपा कचरा पार्टी है जो दूसरे दलों के भ्रष्ट और बेकार नेताओं को पार्टी में भर रही है। ममता ने कहा, ‘आपने कुछ (तृणमूल) नेताओं को भाजपा में जाते देखा होगा। उन्होंने लूटे हुए जनता के धन को बचाने के लिए ऐसा किया। भाजपा वाशिंग मशीन की तरह पार्टी को चलाती है, जहां भ्रष्ट नेता उसमें शामिल होते ही संत बन जाते हैं।’ उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और हाल ही में अमेरिकी संसद भवन कैपिटल हिल में हिंसा करने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों की तुलना करते हुए कहा,‘जिस दिन भाजपा चुनाव हारेगी तो उसके कार्यकर्ता और समर्थक भी इसी तरह का बर्ताव करेंगे।