सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाताः व्हाट्स ऐप ग्रुप छोड़ने का निर्णय गलत था, अब वापस ग्रुप में लौटना चाहते हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के सामने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कल्याणी के विधायक अम्बिका राय ने उक्त बात कही है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष से कहा है कि भावनाओं में बहकर उन्होंने ऐसा निर्णय ले लिया था। अब उन्हें अपनी गलती समझ में आ गई है, जिस कारण पुनः ज़िले के व्हाट्स ऐप ग्रुप में वह लौटना चाहते हैं। हालांकि अन्य 4 विधायक अपने पुराने निर्णय पर ही टिके हुए हैं। भाजपा की राज्य कमेटी में मतुआ समुदाय का कोई चेहरा नहीं है, यह आरोप लगाते हुए भाजपा के पांच विधायकों ने एक तरह से विद्रोह की घोषणा की है। जिला नेतृत्व के साथ सम्पर्क नहीं रखना पड़े, इसलिए पांचों विधायक व्हाट्स ऐप ग्रुप से निकल गए। इसके बाद भाजपा नेतृत्व की चिंता बढ़ गई। राज्य बीजेपी की इस कमेटी को लेकर भाजपा सांसद शान्तनु ठाकुर ने भी रोष प्रकट किया है। यह बात भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व तक पहुँची है। सूत्रों के अनुसार इस रोष को देखते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कमेटी में कुछ बदलाव भी कर सकते हैं। संभवतः उन्होंने शान्तनु ठाकुर को आश्वासन दिया है कि जरूरत पड़ने पर राज्य कमेटी में परिवर्तन किया जा सकता है। हालाँकि ऐसा कब होगा, इसे लेकर कुछ नहीं कहा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार जनवरी महीने में जेपी नड्डा बंगाल आ सकते हैं, उस बैठक में राज्य कमेटी के साथ चर्चा कर कोई निर्णय लिया जा सकता है।
व्हाट्सऐप ग्रुप छोड़ा था, अब लौटना चाहते हैं भाजपा विधायक
Visited 115 times, 1 visit(s) today