
कोलकाता : कोलकाता में जय श्रीराम के नारों के बीच तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी द्वारा भाषण नहीं देने को लेकर सियासी बवाल गहराता जा रहा है। भाजपा नेताओं व मंत्री रविवार को दिनभर ममता बनर्जी पर निशाना साधते रहे। केंद्रीय मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने रविवार को कहा-बाबर जैसे विदेशी आक्रांता जब भारत आए तो उन्होंने राम मंदिर को नष्ट करने का क्यों सोचा? वे जानते थे कि इस देश की आत्मा राम मंदिर में बसती है। 6 दिसंबर 1992 को एक ऐतिहासिक गलती को दुरुस्त किया गया। बता दे, 6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में विवादित ढांचा जिसे बाबरी मस्जिद कहा जाता था, को रामभक्तों की भीड़ ने ढहा दिया था। इसी स्थान पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भव्य राम मंदिर का निर्माण किया जा रहा है।