
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : हरिदेवपुर थानांतर्गत टॉलीपाड़ा इलाके में एक तेज रफ्तार कार झील में गिर गयी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। मृतक का नाम सोनाई घोष था। कोलकाता पुलिस के डीएमजी कर्मियों ने क्रेन की मदद से झील में गिरी कार को बाहर निकाला। घटना के बाद भी डीएमजी के गोताखोरो ने झील में तलाशी अभियान चलाया।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर एक व्यक्ति टॉलीपाड़ा इलाके में तेज रफ्तार से कार चला रहा था। आरोप है कि ड्राइवर द्वारा नियंत्रण खोने से कार वॉटर ट्रिटमेंट प्लांट से टकराने के बाद झील में जा गिरी। प्रत्यदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज रफ्तार में थी और झील की रेलिंग को तोड़ते पानी में जा गिरी। कार को झील में गिरते देख लोगों ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने तुरंत कार को क्रेन की मदद से बाहर निकाला। पानी से कार को बाहर निकालने पर उसके अंदर व्यक्ति को अचेत अवस्था में पाया गया। उद्धार व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कार में सोनाई के साथ कोई व्यक्ति मौजूद था या नहीं इसके लिए पुलिस ने झील में गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान चलाया।