
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : अत्यंत व्यस्त फ्लाईओवरों में शामिल उल्टाडांगा फ्लाईओवर की कई जगहों पर दरारें देखी गयी हैं। गुरुवार को शहरी विकास तथा नगरपालिका मामलों के मंत्री फिरहाद हकीम ने फ्लाईओवर का मुआयना किया। उनके साथ विभागीय अधिकारी तथा इंजीनियर भी मौजूद थे। मंत्री फिरहाद हकीम ने कहा कि केएमडीए द्वारा सभी फ्लाईओवर का स्वास्थ्य चेकअप किया गया है। यह कार्य आगे भी जारी रहेगा। इससे पहले वाममोर्चा के जमाने में कभी ऐसा नहीं किया गया। इस फ्लाईओवर के कई हिस्सों का दायित्व इंजीनियरों को दिया गया है। अगर कहीं कोई समस्या है तो उस इंजीनियर को फोन करें। बता दें कि इससे पहले 2019 में भी दरारें देखी गयी थीं। एक बार फिर बुधवार की तड़के वीआईपी रोड बाउंड की तरफ के एक हिस्से में पिलर में दरारें देखी गयीं। यहां से गुजरने वाले लोगों का ध्यान इस ओर गया। जब तक यह ठीक नहीं हो जाता तब तक यहां से यातायात नहीं करने के लिए लोगों को आगाह किया गया।