
खड़गपुर/कांथी: पूर्व मिदनापुर जिले के भूपतिनगर इलाके में पुलिस ने हथियार समेत 8 डकैतों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम सरत माईती, स्वपन मंडल, शेख मुक्ताजुल रहमान, सुबीर मंडल, देवप्रसाद मंडल, कृष्णेंदु पात्र, सुदर्शन बारिक व निमाई जाना है।
पुलिस सूत्रों से जानकारी मिली कि सभी डकैत बाजकूल में एक जगह पर डकैती करने के उद्देश्य से प्लान बना रहे थे। जिसकी सूचना पुलिस को मुखबिरों के माध्यम से पहले ही मिल गई थी जिसके बाद भूपतिनगर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सभी डकैतों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर डकैतों के पास से एक आग्नेयास्त्र, भुजाली, लोहे का रॉड आदि सामान भी बरामद किया। सम्बंधित धाराओं के तहत मामला नामजद कर पुलिस ने सभी अभियुक्तों का शनिवार को कांथी महकमा अदालत में चालान किया। अदालत के निर्देश से सभी अभियुक्तों को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न थाने में अपराध के कई मामले पहले से दर्ज है।