
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : शिक्षक नियुक्ति में दुर्नीति के विरोध में राज्य भर में माकपा की ओर से विक्षोभ दिखाया गया। इसके अलावा एकाधिक वाम छात्र व युवा संगठन भी इसके विरोध में सड़क पर उतरे। एकाधिक स्थानों पर सत्ताधारी पार्टी के खिलाफ हमले का आरोप प्रदर्शनकारियों ने लगाया। कूचबिहार के दिनहाटा में तृणमूल के हमले में 7 प्रदर्शनकारियों के घायल होने की खबर है जिनमें से 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। गुरुवार को राज्य के कई स्थानों पर माकपा के छात्र-युवा संगठन की ओर से विक्षोभ दिखाया गया। मुर्शिदाबाद में भी विरोध रैली निकाली गयी। कूचबिहार में माकपा के प्रदेश सचिव मो. सलीम के नेतृत्व में एक रैली निकाली गयी। वहीं दिनहाटा में आरोप है कि माकपा की एक रैली पर तृणमूल कार्यकर्ताओं द्वारा हमला किया गया। इसे लेकर दिनहाटा के विधायक उदयन गुहा ने कहा, ‘पेट्रोल की मूल्य वृद्धि के विरोध में हमारा कार्यक्रम पूर्व सुनियोजित था। हालांकि बारिश के कारण हमारा कार्यक्रम टल गया। तृणमूल कार्यकर्ता जब घर लौट रहे थे तो उस समय उन्हें गाली-गलौज कर माकपा कार्यकर्ताओं द्वारा उन पर ईंटे फेंकी गयी। हमारे कार्यकर्ताओं ने इस हमले का ही विरोध किया।’
भाजयुमो ने किया प्रदर्शन
भाजपा युवा मोर्चा की ओर से इस दिन प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. इंद्रनील खां के नेतृत्व में एसएससी भवन का घेराव किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। पार्टी की ओर से दावा किया गया कि डॉ. इंद्रनील खां, कल्याण चौबे समेत 50 भाजयुमाे कार्यकर्ताओं को इस दिन हिरासत में लेकर थाना ले जाया गया।