
मिदनापुर : पश्चिम मिदनापुर के शालबनी थाना इलाके के एक गांव में शुक्रवार की सुबह एक भाजपा कार्यकर्ता का फंदे से लटकता शव बरामद होने से उत्तेजना फैल गयी। मृतक का नाम लालमोहन सोरेन (22) है। स्थानीय और पुलिस सूत्रों ने बताया कि शालबनी थाना इलाके के बागमारी गांव में रहने वाले भाजपा के स्थानीय बूथ कमेटी के सचिव लालमोहन सोरेन का शव शुक्रवार की सुबह गांव में एक पेड़ से फंदे से लटका हुआ पाया गया। उसके परिवार के लोगों का कहना है कि वह गुरुवार की शाम को घर से निकला था लेकिन रात भर घर नहीं आया और सुबह उसका शव पाये जाने की खबर मिली। घटना को लेकर पूरे गांव में उत्तेजना फैल गयी। शालबनी विधानसभा केंद्र में पहले चरण के तहत शनिवार को मतदान होगा और उससे एक दिन पहले भाजपा कार्यकर्ता की अस्वाभाविक मौत को लेकर राजनीतिक उत्तेजना भी फैल गयी। घटना के बारे में जानकारी मिली कि भाजपा के जिलाध्यक्ष समित दास मृतक के घर गये और उसके परिवार के लोगों से बातचीत की व ढाढ़स बंधाया। उन्होंने कहा कि लालमोहन भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता था और उसे टार्गेट कर उसे मार कर लटका दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सभी ओर इसी तरह से भाजपा कार्यकर्ताओं को मार कर लटका दिया जा रहा है और यह काम तृणमूल कर रही है। हालांकि तृणमूल ने इन आरोपों से इनकार कर दिया।