
सांसद सौगत राय के घर के सामने हुआ विवाद
झड़प में 6 घायल, 8 गिरफ्तार
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : हाल ही में बेहला में घटी घटना के बाद महानगर में एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस के के दो गुटों के बीच झड़प हो गयी। लेक गार्डन्स में तृणमूल सांसद सौगत राय के आवास के सामने स्थित एक मकान को तोड़े जाने को लेकर दो गुटों के बीच जम कर मारपीट हुई। इसमें आठ लोग घायल हो गए जिनमें से दो को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार संघर्ष के दौरान लाठी डंडों के साथ ही धारदार हथियारों का भी खुल कर इस्तेमाल किया गया। इस विवाद के कारण पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही क्षेत्र में पुलिस पिकेट भी बिठा दी गई है। पुलिस इस विवाद से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार रविवार की रात को एक मकान को तोड़ने को लेकर लेक गार्डन्स के दो गुटों के बीच विवाद की शुरुआत हुई थी। सोमवार की सुबह दोनों गुटों में फिर तकरार शुरू हुई और मारपीट होने लगी। आरोप है कि लाठी और लोहे के रॉड से लैस दोनों गुटों के लोग एक दूसरे पर टूट पड़े। इस दौरान धारदार हथियारों का इस्तेमाल करने से भी कोई परहेज नहीं किया गया। घायलों में कई ऐसे भी हैं जिनके सिर में चोट लगी है। दो लोगों को गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि तृणमूल दो गुटों के बीच सिंडिकेट के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। घटना के समय तृणमूल सांसद सौगत राय लेक गार्डन्स स्थित अपने घर पर ही थे। वह हंगामा सुनकर घर से बाहर निकल आये थे। उन्होंने ही पुलिस को फोन कर कार्रवाई करने को कहा था। सांसद सौगत राय ने कहा कि रेल तॉलोनी या फिर नक्सल आंदोलन के समय भी इस तरह की घटना नहीं घटी थी। उन्होंने कहा कि घर तोड़े जाने का काम बंद करने के लिए पुलिस से अनुरोध किया तो काम बंद करा दिया। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है।