
नदिया : जिले के सीमावर्ती इलाके में तैनात सीमा सुरक्षा बल की 82 वीं वाहिनी की सीमा चौकी गोंगरा के जवानों ने पुख्ता खबर के आधार पर कार्यवाही करते हुए एक व्यक्ति को धर दबोचा। गिरफ्तार व्यक्ति के पास से 37,24,500 टका जब्त किया। जिनका भारतीय मुद्रा में कुल मूल्य 31,52,714 रुपए है। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान अभिरुल मोल्ला (34) के रुप में हुई है। वह नदिया के गोंगरा का रहने वाला बताया जा रहा है। पकड़े गए व्यक्ति ने स्वीकारा कि वह पिछले तीन महीने से एक तस्कर के साथ मिलकर सीमा पार तस्करी को अंजाम दे रहा है। आगे उसने बताया की आज भी उसी के कहने पर वह ये सामान राणाबंध गांव से लेकर आया। इसके लिए उसे 500 रुपए मिले थे। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति को जब्त बांग्लादेशी रुपये के साथ पुलिस थाना चपरा को सौंप दिया गया है।
संजय प्रसाद सिंह, 82 वीं वाहिनी के कमांडिंग ऑफिसर ने बताया कि भारत बांग्लादेश सीमा पर सीमा सुरक्षा बल मुस्तैदी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए तस्करी को रोकने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि तस्करी जैसे अपराधो में लिप्त लोगों के खिलाफ़ लगातार कार्यवाही की जा रही है। जिसमें पकड़े गए लोगों को कानून के मुताबिक सजाएं हो रही है।