
पानागढ़: कांकसा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर इलाके में पानागढ़-दुबराजपुर स्टेट हाईवे में शुक्रवार की शाम बोलपुर गामी एक यात्री बस अनियंत्रित होकर ईलमबाजार की ओर से आ रही एक मालवाही ट्रक से टकरा कर सड़क के किनारे पलट गयी। इस दुर्घटना में 30 यात्रियों के घायल होने की सूचना है। इस दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गयी। दुर्घटना की खबर पाकर कांकसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल बस यात्रियों को इलाज के लिये पानागढ़ ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। ब्लॉक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती गंभीर रूप से घायल बस यात्रियों को इलाज के लिये दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल स्थानांतरित किया गया है।