
कोलकाता : राष्ट्रपति चुनाव की नतीजों के बाद क्रॉस वोटिंग को लेकर चर्चाएं जारी हैं। खबर है कि पश्चिम बंगाल में भी तृणमूल कांग्रेस के एक विधायक ने नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया था। इधर, टीएमसी ने भी इसे लेकर जांच करने की बात कही है। हालांकि, पश्चिम बंगाल के अलावा देश के कई अन्य राज्यों से भी क्रॉस वोटिंग की खबरें सामने आई थीं। नतीजे जारी होने के बाद भाजपा ने भी टीएमसी पर निशाना साधा और कहा कि यह विधायकों की निराशा को दिखाता है। भाजपा विधायक शुभेंदु अधिकारी ने ट्वीट किया, ‘जैसा की मेरी तरफ से वादा किया गया था, बंगाल भाजपा के सभी 70 विधायकों ने श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी के पक्ष में मतदान किया है। जबकि, एक ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस विधायक ने नव निर्वाचित राष्ट्रपति के लिए वोट किया है और 4 टीएमसी विधायकों ने अपने मतों को अमान्य कराना सुनिश्चित किया। पश्चिम बंगाल विधानसभा में श्रीमती मुर्मू जी के लिए 71 वोट डाले गए।’ टीएमसी सांसद शांतनु सेन का कहना है, ‘हम इसे देख रहे हैं। हमारा पार्टी नेतृत्व निश्चित रूप से ही इसके बारे में चर्चा करेगा और जानकारी जुटाएगा। उनके किसी नतीजों पर आने से पहले विस्तार से विश्लेषण किया जाएगा।’ खास बात है कि मुर्मू ने 64 प्रतिशत से ज्यादा वोट हासिल कर यशवंत सिन्हा को हराया है।