सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : त्रिपुरा में तृणमूल की राज्यसभा महिला सांसद सुष्मिता देव पर हमला हुआ है। उनकी गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की गयी है। यह आरोप तृणमूल ने भाजपा पर लगाया है। यह हमला उस समय हुआ जब तृणमूल द्वारा त्रिपुरा में जनअभियान चलाया जा रहा था। 2023 विधानसभा चुनाव से पहले त्रिपुरा की राजनीति गरमा गयी है। तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी ने हमले की कड़ी निंदा की है तथा विप्लव सरकार पर जमकर निशाना साधा है। अभिषेक बनर्जी ने ट्वीट कर कहा कि, विप्लव के गुंडा राज ने सारी हदें पार कर दी हैं। राजनीतिक विरोधियों पर हमला नये कीर्तिमान स्थापित कर रहा है ! राज्यसभा की एक महिला सांसद सुष्मिता पर हमले हुए, यह शर्मनाक है। समय करीब आ गया है। त्रिपुरा के लोग अब जवाब देंगे।
पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई प्राथमिकी
सांसद सुष्मिता देव ने अमताली पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज करायी है। उन्होंने कहा ‘भाजपा के गुंडों ने अगरतला के अमताली बाजार के साबरोम राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिन दिहाड़े लगभग 11.30 बजे खतरनाक हथियारों से बुरी तरह से हमला कर हमारे वाहनों को नष्ट कर दिया। उन्होंने हमारे पर पत्थर भी फेंके लेकिन हम इस घातक हमले से बच गए जो हमें मारने के इरादे से किया गया था। हमारे वाहन पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं और हम भी इस हमले में घायल हुए हैं।’
त्रिपुरा में महिला सांसद पर हमला, अभिषेक ने कहा : गुंडाराज चल रहा
Visited 118 times, 1 visit(s) today