
कोलकाता : महानगर से क्राइम की एक ऐसी खबर आ रही है जहां अभियुक्त ने खुद को पुष्पा फिल्म का हिरो समझ लिया और एटीएम फ्रॉड मामले में गिरफ्तार होने पर सिविल डिफेंस कर्मी को खुद को छोड़ने के लिए एक लाख रूपये का ऑफर ही दे डाला। पर यहां बात नहीं बनी क्योंकि यह रियल लाइफ है फिल्म नहीं। दरअसल हुआ यूं कि शनिवार को पूर्व जादवपुर के रहनेवाले सिविल डिफेंस कर्मी ने मुकुंदपुर मोड़ स्थित एक एटीएम के सामने एक संदिग्ध युवक को देखा। सिविल डिफेंस कर्मी ने देखा कि राजेश मंडल कई बार एटीएम के अंदर जा रहा है और फिर बाहर निकल रहा है। युवक की गतिविधि देख सिविल डिफेंस कर्मी को उसपर संदेह हुआ। इसके बाद सिविल डिफेंस कर्मी ने युवक को पकड़ा और उससे इलाके में होने की वजह पूछी। आरोप है कि पूछताछ के दौरान राजेश ने सिविल डिफेंस कर्मी को खुद को जाने देने के लिए एक लाख रुपये का ऑफर भी दिया। इसके बाद ही सिविल डिफेंस कर्मी ने फोन कर सूचना पूर्व जादवपुर थाने की पुलिस को दी जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।