
रिसड़ा व हुगली में भाजपा ने किया जनसभा का आयोजन
हुगली : रिसड़ा में भाजपा की एक सभा के जरिये भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने फिर एक बार राज्य सरकार को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि ममता के शासन में बंगाल कंगाल बन चुका है। सरकारी फंड का दुरुपयोग हुआ है। जब भाजपा की सरकार बंगाल में बनेगी तो सरकारी कोष से लूट हुए पैसे को तृणमूल के लोगों को वापस देना होगा। अर्जुन सिंह ने तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कल्याण बनर्जी ने अपने दामाद को जान से मारने की सुपारी दी थी। उन्होंने कहा कि तृणमूल के लोग भाजपा के सर्वभारतीय नेताओं को बाहरी कहते हैं और जिस प्रशांत किशोर को ममता ने रणनीतिकार बना कर रखा है या जिससे ममता बनर्जी बुद्धि खरीदती हैं वह बाहरी नहीं है? अर्जुन सिंह ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल की जनता तृणमूल कांग्रेस और ममता राज से बिल्कुल ऊब चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में तृणमूल का शासन सिर्फ पुलिस और गुंडों की बदौलत चल रहा है। विधानसभा चुनावों के परिणाम आने पर तृणमूल यहां ताश के पत्तों की तरह ढह जाएगी। वहीं हुगली में प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष सांसद सौमित्र खां ने तृणमूल के प्रदेश प्रवक्ता को पॉकेटमार और धूर्त कह डाला। जैसे-जैसे बंगाल में विधानसभा का चुनाव नजदीक आ रहा है भाजपा और तृणमूल नेताओं की जुबान फिसलती जा रही है। हुगली के आरामबाग में प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष सांसद सौमित्र खां एक सभा को संबोधित कर रहे थे।