
दिल्ली / तमलुक : दिल्ली हिंसा मामले में तमलुक से गिरफ्तार फरीद पर आरोप है कि उसने भीड़ को उकसाया था। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के सूत्रों ने जानकारी दी है कि कुशल चौक के पास पथराव के समय आरोपी फरीद ने भीड़ को जुलूस पर हमला करने के लिए उकसाया था और दंगों में ‘प्रमुख भूमिका’ निभाई थी। बहरहाल मामले की जांच जारी है। घटना के कुछ दिनों बाद वह जहांगीरपुरी छोड़कर बंगाल भाग गया था और अपने परिवार के सदस्यों को अलग-अलग जगहों पर छिपा दिया। वह मूल रूप से बंगाल के मिदनापुर का रहने वाला है। गुरुवार को पुलिस ने उसे तमलुक से गिरफ्तार किया है।
2 दिन की पुलिस हिरासत में फरीद
34 वर्षीय आरोपी फरीद उर्फ नीतू को गुरुवार को पश्चिम बंगाल के तमलुक के ढोलहोरा गांव में रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया गया। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस कई छापेमारी और तलाशी के बाद मिशन में सफल रही। तमलुक पुलिस ने बताया, फरीद अपनी मौसी के घर में रह रहा था। हमें पता चला कि उसका परिवार बंगाल में नहीं रहता है। उसका मूल घर महिषादल इलाके में था, 34 साल पहले, वे (उनका परिवार) इस जगह को छोड़कर दिल्ली में रहने के लिए चले गए थे।