
कोलकाताः कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच कुछ बेहतर खबरें भी सामने आ रही हैं। इसी क्रम में महानगर की एक 94 साल की महिला व एक 93 साल के व्यक्ति ने कोरोना को मात दी है। जानकारी के मुताबिक जेसर रोड की निवासी 94 साल की सीतादेवी बजाज को तपसिया के निजी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। उन्हें हाईपरटेंशन, डायबिटिज की भी समस्या थी। उन्हें श्वास कष्ट के बाद यहां भर्ती करवाया गया था। अब उनकी हालत स्थिर है। साथ ही कोरोना की रिपोर्ट भी निगेटिव आ गई है। दूसरी तरफ 93 साल के उल्टाडांगा के निवासी को भी कोरोना के लक्षण के बाद भर्ती करवाया गया था। उनकी पहली रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। अब फिर से रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें भी डिस्चार्ज कर दिया गया।
भाजपा के एक कार्यकर्ता ने भी कारोना पर पाई विजय
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता विमल रॉय, उल्टाडांगा के निवासी को कुछ दिनों पहले जेरियाट्रिक बीमारियों के इलाज के लिए उत्तर कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिर उनमें कोरोना के कई लक्षण दिखाई दिए। संदेह होने पर नमूने परीक्षण के लिए भेजे गए। जैसे ही रिपोर्ट पॉजिटिव आई, उसे इलाज के लिए कोलकाता मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल कॉलेज की ग्रीन बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर उनका लंबे समय से इलाज चल रहा था। बिमल ने आखिरकार घातक वायरस पर जीत हासिल की है। कोरोना वायरस से जंग जीतने वालों के लिए कर्मियों ने तालियां बजायी।