
खड़गपुरः पश्चिम मिदनापुर जिला अंतर्गत गढ़बेता में गुरुवार की रात को डकैती की योजना बनाते 2 डकैतों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम नंदगोपाल साहू और सानू हेमब्रम है। सम्बंधित धाराओं के तहत मामला नामजद कर पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को शुक्रवार को गढ़बेता अदालत में चालान किया। अदालत ने अभियुक्तों को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गढ़बेता थाना की पुलिस का कहना है कि दोनों अभियुक्त गुरुवार की रात को एक सुनसान स्थान पर बैठकर कहीं अपराध करने की योजना बना रहे थे। जिसके बारे में अग्रिम सूचना मिल जाने के बाद पुलिस ने मौके पर जाकर छापामारी कर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश से अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।