सफर के लिए किसी ने सियालदह स्टेशन पर बितायी रात तो कोई सुबह 3 बजे ही आ गया
सुबह से ही काउंटर्स पर दिखी लोगों की लाइनें, सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : किसी ने सियालदह स्टेशन पर ही रात बितायी तो कोई अहले सुबह 3 बजे ही सियालदह स्टेशन पहुंचा तो कोई अपनी नींद छोड़ स्टेशन पहुंच गया। सभी का एक ही लक्ष्य था सियालदह मेट्रो के ऐतिहासिक सफर का साक्षी बनना। गुरुवार को सुबह 6.55 बजे पहली मेट्रो सियालदह से साल्टलेक सेक्टर 5 के लिए खुली। जो कि सुबह 7.16 बजे साल्टलेक सेक्टर 5 पहुंच गयी थी। गत सोमवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के जरिये इसका उद्घाटन करवाया गया था। इसके बाद गुरुवार से आम लोगों के लिए यह परिसेवा शुरू हो गयी। पहले दिन शाम 5 बजे तक सियालदह से साल्टलेक के बीच 18154 यात्रियों ने सफर किया। वहीं सियालदह मेट्रो से इसकी संख्या 7406 थी। मेट्रो अपने निश्चित समय के अनुसार सियालदह से ट्रेन छूटी और साल्टलेक सेक्टर 5 से ठीक 7 बजे ट्रेन ने सियालदह के लिए प्रस्थान किया। पहली ट्रेन में कुल 175 यात्री थे। इसमें पहले यात्री थे प्रभातकुमार चट्टोपाध्याय जो बेलघरिया के रहनेवाले हैं और पेशे से एक टीचर हैं। मेट्रो में सफर करने के लिए उन्होंने सियालदह स्टेशन पर पूरी रात बितायी। वहीं यात्रियों को गुलाब का फूल देकर उनका स्वागत किया गया। दोपहर होते-होते यात्रियों की भीड़ होने लगी। एक समय तो ऐसा आया कि काउंटर पर लोगों की लंबी लाइनें लग गयीं। उस मेट्रो के मोटरमैन जयदीप घोष भी बहुत खुश थे। सोमवार से शनिवार तक चलनेवाली यह मेट्रो 21 मिनट में लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचायेगी, हालांकि रविवार को यह परिसेवा बंद रहेगी। 50 ईस्ट व 50 वेस्ट बाउंड ट्रेनें चलेंगी। इसी मेट्रो स्टेशन से सियालदह शाखा की लोकल ट्रेनों के भी टिकट मिलेंगे। यहां 29 काउंटर्स में से दो काउंटर उसके लिए ही हैं। इधर मेट्रो की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता थी। आरपीएफ एवं जीआरपी की बम स्क्वाड टीम हर जगह तैनात नजर आयी।
सियालदह मेट्रो में पहले ही दिन 18154 यात्रियों ने किया सफर
Visited 152 times, 1 visit(s) today