कोलकाता : सोमवार यानी 7 दिसम्बर से मेट्रो अब सुबह 7 बजे से रात 10.30 बजे तक दौड़ेगी। मेट्रो रेलवे ने अपनी ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। इसके तहत पहली मेट्रो 8 बजे के बजाये 7 बजे अपने गंतव्य से छूटेगी और अंतिम मेट्रो रात में 9 के बजाये 9.30 बजे छूटेगी। इस बारे में मेट्रो के जीएम मनोज जोशी ने सन्मार्ग को बताया कि पहली ट्रेन 1 घंटे पहले यानी 7 बजे से की गयी है। दमदम व कवि सुभाष से अंतिम ट्रेन रात 9.30 बजे छूटेगी। वहीं नोआपाड़ा से 9.25 बजे छूटेगी। पहले 190 सर्विसेज होती थीं, लेकिन उसे बढ़ाकर 204 सर्विसेज की गयी, अर्थात 14 अतिरिक्त सर्विसेज की गयी है।
महिलाएं, वृद्ध व बच्चों के लिए ई-पास जरूरी नहीं
इस बारे में जीएम ने बताया कि वृद्ध के लिए तो पहले से ही ई-पास की जरूरत नहीं थी। वहीं महिलाओं व 15 साल से नीचे के बच्चों के लिए भी ई-पास जरूरी नहीं है। इसके पहले महिलाओं व बच्चों के लिए 11 से 5 बजे तक पास जरूरी नहीं थे। परंतु यह अब पूरे समय के लिए ही लागू हाे गया है। ऐसा इसलिए किया गया है कि अगर आगमी दिनों में स्कूल खुलते हैं तो बच्चों को स्कूल आने व जाने में कोई परेशानी न हो। जीएम ने बताया कि सुबह के समय ज्यादा भीड़ नहीं होती है तो ऐसे में पहली मेट्रो के समय से यानी सुबह 7 से 8.30 के बीच ई-पास की जरूरत नहीं है। इसके अलावा रात 8 बजे के बाद भी मेट्रो में लोग बिना ई पास के सफर कर सकते हैं। वहीं मेट्रो के अधिकारी लगातार मेट्रो की सर्विसेज पर अपनी निगरानी रख रहे हैं। भविष्य में यात्रियों की सुविधा के लिए और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये जायेंगे।