भाजपा नेता दिलीप घोष, सुकांत मजुमदार, शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल पर जमकर साधा निशाना
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाताः पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकतंत्र बहाल करने के लिए सोमवार को यहां संकल्प दिवस रैली का आयोजन किया। रैली का नेतृत्व करने वाले पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजुमदार, सांसद दिलीप घोष और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस ने दो मई-2021 से पिछले एक साल में राज्य में लोकतंत्र की हत्या की है। अधिकारी ने शहर की सड़कों पर उतरने से पहले अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, ‘‘विधानसभा चुनावों के नतीजे घोषित होने के बाद भाजपा समर्थकों, कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों के खिलाफ हुई हिंसा को एक साल पूरा हो गया।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘मासूम सनातनियों को पूरे राज्य में निशाना बनाया गया था। महिलाओं से दुष्कर्म और उन्हें प्रताड़ित किया गया, कई घर जलाए गए थे। लोगों की हत्या की गयी थी। लाखों लोगों को अपनी जान बचाने के लिए भागना पड़ा।’’ भाजपा ने दावा किया कि 02 मई 2021 को नतीजे घोषित होने के बाद से पिछले एक साल में 66 भाजपा समर्थक मारे जा चुके हैं। भाजपा महिला मोर्चा की तरफ से रैली का नेतृत्व करने वाली पूर्व आईपीएस भारती घोष ने कहा कि इस रैली का उद्देश्य लोगों के बीच राज्य की वर्तमान स्थिति के बारे में जागरूकता पैदा करना था। उन्होंने कहा कि उनकी यह मुहिम राज्य में लोकतंत्र बहाल होने तक चलेगी। रैली में भाजपा नेता ज्योतिर्मय सिंह महतो, डॉ. इंद्रनील खान व अन्य शामिल थे।
बंगाल में ‘लोकतंत्र’ बहाल करने के लिए भाजपा ने निकाली संकल्प महारैली
Visited 87 times, 1 visit(s) today