कोलकाता : केवल कोरोना संक्रमित बिल्डिंग अथवा मकान ही कंटेनमेंट जोन रहेगा, ना कि पूरा इलाका। यह कहना है कोलकाता नगर निगम के बोर्ड ऑफ एडमिनिस्ट्रेटर के प्रशासक फिरहाद हकीम का। गुरुवार से कोलकाता के कंटेनमेंट जोन इलाकों में लॉकडाउन बाबत क्या – क्या नियम व तरीके अपनाये जाएंगे, इसे लेकर फिरहाद हकीम ने कोलकाता नगर निगम में संवाददाताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि केवल संक्रमित मकान अथवा बिल्डिंग ही कंटेनमेंट जोन में आयेगा। इसके अलावा जिसके घर में कोरोना हुआ है और परिवार होम क्वारंटाइन में है, उस परिवार के लोग बाहर नहीं निकल सकते। परिवार को निगम की ओर से सभी सुविधाएं पहुंचायी जाएंगी। हालांकि क्वारंटाइन क्षेत्र में रहने वाले अन्य लोग बाहर आना – जाना कर सकते हैं मगर सतर्क रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केवल प्रिमाइसेस को ही कंटेनमेंट जोन कहा जाएगा।
बस्ती के लोगों को किया जा रहा इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन
फिरहाद हकीम ने बताया कि बस्ती के लोगों को इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन किया जा रहा है। संक्रमित व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कंटेनमेंट जोन के लोगों को किसी भी तरह की असुविधा होने पर स्थानीय थाने अथवा निगम को जानकारी दें।
हाइराइजेज में होगी माइक्रो प्लानिंग
प्रशासकफिरहाद हकीम ने कहा कि बस्तियों में माइक्राे प्लानिंग करना आसान होता है क्योंकि वहां आसानी से स्वास्थ्य कर्मी आ- जा सकते हैं। वहीं ऊंची बिल्डिंगों में निगम व स्वास्थ्य कर्मियों को जाने नहीं दिया जाता जिस कारण काफी मुश्किल होती है। उन्होंने बताया कि हाइराइजेज के मालिकों से बात कर अगर वे अंदर जाने देने के लिए राजी होंगे तो हाइराइजेज में भी माइक्रो प्लानिंग की जाएगी। वहां स्वास्थ्य कर्मियों को भेज कर कहा जाएगा कि कोई असुविधा होने पर निगम को बतायें। हाइराइजेज में माइक्रो प्लानिंग को लेकर लोग सतर्क हो, इसके लिए लीफलेट भी स्वास्थ्य कर्मियों को दिये जाएंगे।