सिलीगुड़ी : बंगाल में रहने वाले हर इंसान की नागरिकता उसका मौलिक अधिकार है और यह अधिकार उनका किसी भी हाल में छीना नहीं जाएगा। बंगाल के नागरिक चिंता न करें यहां किसी भी हाल में एनआरसी लागू नहीं होने दिया जाएगा। एनआरसी के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को एक बार फिर हुंकार भरी। सीएम सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस मुख्यालय परिसर में आयोजित विजया सम्मेलन में पहुंची थीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम में जिस तरह से एनआरसी का खेल खेला गया और और वहां के मूल नागरिकों को नागरिकता सूची से बाहर निकाल फेंका गया वह हम सबने देखा। उन्होंने कहा कि नियम जो सबके लिए सही हो वही सटीक है। बंगाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नवजागरण के जरिये ही देश को आजादी मिली। इसमें महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, मातंगिनी हाजरा, स्वामी विवेकानंद जैसे महान नेताओं का हाथ रहा। मुख्यमंत्री ने नागरिकों को किसी बहकावे या प्रलोभन में नहीं आने की सलाह देते हुए कहा कि लोगों को यह समझना होगा कि जाति, धर्म और संप्रदाय के नाम पर अगर यूं ही बंटते रहे तो देश में सांप्रदायिक सौहार्द्र और सद्भाव कहां रह जायेगी ? मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल में राजवंशी, कामतापुरी, हिन्दीभाषी, आदिवासी सभी धर्म समुदाय के नागरिकों का समान अधिकार है। उन्होंने कहा कि विकास वहीं होता है जहां शांति होती है।
चिंता न करें, बंगाल में एनआरसी लागू नहीं होगा : ममता
Visited 161 times, 1 visit(s) today