
कोलकाता : पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा के पूर्व नेता यशंवत सिन्हा को तृणमूल में शामिल हुए महज दो ही दिन हुए, इसी बीच पार्टी की ओर से उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी गयी। यशवंत सिन्हा को तृणमूल का उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें राष्ट्रीय कार्य समिति का सदस्य भी नामित किया गया है। मालूम हो कि तृणमूल में शामिल होते ही यशवंत सिन्हा भाजपा के खिलाफ मुखर हुए थे। उन्होंने यह तक कह दिया था कि ‘देश अजीब परिस्थिति से गुजर रहा है, हमारे मूल्य और सिद्धांत खतरे में हैं।’ उन्होंने भाजपा के खिलाफ लड़ाई में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का समर्थन करने की बात कहते हुए बताया कि ‘ममता जी पर नंदीग्राम में जो हमला हुआ, वह टिपिंग पॉइंट था। तभी मैंने टीएमसी में शामिल होने और ममता जी को समर्थन देने का फैसला किया।’