
सन्मार्ग संवाददाता, कोलकाता : कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर राज्य वासियों से अपने-अपने घरों में रहने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि कोरोनो वायरस के खिलाफ जारी जंग में अगले 2-3 हफ्ते काफी महत्वपूर्ण हैं। इसलिए सोशल डिस्टेंस बनाकर रहें। मुख्यमंत्री ने विशेष तौर पर बाजारों में भीड़ नहीं करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुएं बाजारों में उपलब्ध हैं। एक स्थान पर भीड़ एकत्रित होने के बजाय दूरी बनाकर खरीदारी करें। आतंकित होने की जरूरत नहीं है लेकिन तीसरे चरण में पहुंचने से बचने के लिए सावधानी बरतें। तीसरे चरण में पहुंचने पर सब कुछ हमारे हाथों में नहीं रह जायेगा।
लॉकडाउन को सफल बनाये
इसीलिए केंद्र सरकार ने जो लॉकडाउन घोषित किया है, हम सभी को मिलकर उसे सफल बनाना है। सड़कों पर खेलते या गप्पे हांकते हुए दिख रहे हैं लोग मुख्यमंत्री ने कहा कि कई स्थानों पर लोग सड़कों पर खेलते हुए या गप्पे हांकते हुए दिख रहे हैं। आप स्वयं को तथा अपने परिजनों को सुरक्षित रखें। खेलने और गप्पे हांकने के कई मौके आयेंगे। मास्क और अन्य उपकरणों की कमी की शिकायतों पर बनर्जी ने पूरे आंकड़े पेश किये। उन्होंने कहा कि मंगलवार तक राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 1,11,394 पीपीई, 42,296 एन-95 मास्क, 1,60,000 7लेयर मास्क, 18,363 लीटर सैनिटाइजर और 3200 थर्मल गन दिये गये हैं।