
नयी दिल्ली : कप्तान पृथ्वी साव के 123 गेंद में नाबाद 185 रन की मदद से मुंबई ने सौराष्ट्र को 9 विकेट से हराकर मंगलवार को विजय हजारे ट्रॉफी एक दिवसीय क्रिकेट चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सौराष्ट्र ने समर्थ व्यास के नाबाद 90 रन की मदद से 5 विकेट पर 284 रन बनाये लेकिन मुंबई ने लक्ष्य 415 ओवर में हासिल कर लिया। साव ने टूर्नामेंट में तीसरा शतक जमाया। उन्होंने दिल्ली के खिलाफ 105 और पुडुच्चेरी के खिलाफ 227 रन की नाबाद पारियां खेली थी। जीत के लिये 285 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए साव शुरू ही से आक्रामक रहे। मुंबई ने 9 ओवर में बिना किसी नुकसान के 67 रन बना लिये थे। साव ने अपनी पारी में 21 चौके और सात छक्के लगाये। यशस्वी जायसवाल ने 104 गेंद में 75 रन की पारी खेलकर उनका पूरा साथ दिया। टूर्नामेंट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड बनाने वाले साव ने अपना अर्धशतक 29 गेंद में पूरा किया। उन्होंने शतक 67 गेंद में पूरा कर डाला। दोनों ने पहले विकेट के लिये 238 रन जोड़े और जीत की नींव रखी।