नयी दिल्ली : दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने विवाद के बावजूद सोमवार को अपने परिसर में अपने पूर्व अध्यक्ष अरुण जेटली की याद में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिवंगत प्रशासक और राजनेता जेटली की आदम कद प्रतिमा का अनावरण किया जिसे 96 साल के जाने माने शिल्पकार राम सुतार ने तैयार किया है। सुतार ने ही गुजरात में ‘स्टैच्यू आफ यूनिटी’ का भी निर्माण किया है। इससे पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर बिशन सिंह बेदी ने किसी प्रेरणादायी क्रिकेटर की जगह प्रशासक की प्रतिमा लगाने का फैसला करने के लिए डीडीसीए की आलोचना की थी और मांग की थी कि फिरोजशाह कोटला मैदान की दर्शक दीर्घा से उनका नाम हटा दिया जाए। समारोह में शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी, केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू, वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरभ गांगुली, भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष डॉ नरेंद, ध्रुव बत्रा, बीसीसीआई के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्ना, बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और डीडीसीए की कोषाध्यक्ष शशि खन्ना मौजूद थीं। अनावरण समारोह में पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेंदर खन्ना और मदन लाल, पूर्व भारतीय क्रिकेटर और पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद गौतम गंभीर, भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन, पूर्व भारतीय क्रिकेटर आरपी सिंह और सुरेश रैना, पूर्व चयनकर्ता शरणदीप सिंह, अंतर्राष्ट्रीय अम्पायर अनिल चौधरी, दिल्ली के क्रिकेटर परविंदर अवाना, रोबिन सिंह और डीडीसीए के पूर्व और मौजूदा पदाधिकारी उपस्थित थे।
डीडीसीए में शाह ने अरुण जेटली की प्रतिमा का अनावरण किया
Visited 49 times, 1 visit(s) today