
ब्यूनस आयर्स : भारतीय हॉकी टीम ने आखिरी अभ्यास मैच में बुधवार को अर्जेंटीना को 4-2 से हराया। भारत के लिये रूपिंदर पाल सिंह, जसकरण सिंह, शिलानंद लाकड़ा और सुरेंदर कुमार ने गोल दागे। अर्जेंटीना के लिये दो गोल लिएंड्रो टोलिनी और पेड्रो इबारा ने किये। भारत ने आक्रामक शुरुआत की और मनदीप सिंह ने तुरंत पेनल्टी कार्नर बनाया, जिसे रूपिंदर ने गोल में बदला। इसके बाद गेंद पर नियंत्रण में भारतीय आगे रहे और अर्जेंटीना के गोल पर कई हमले बोले। पहले क्वार्टर के खत्म होने से तीन मिनट पहले भारत के लिये जसकरण ने दूसरा गोल दागा। इसके 2 मिनट बाद टोलिनी ने अर्जेंटीना के लिये पहला गोल किया। आखिरी क्वार्टर में लाकड़ा ने 50वें मिनट में भारत का तीसरा गोल दागा लेकिन इबारा ने 54वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक पर मेजबान के लिये गोल करके मुकाबले को रोचक बनाने की कोशिश की। सुरेंदर ने आखिरी सीटी बजने से दो मिनट पहले भारत का चौथा गोल दागा।