
नयी दिल्ली : भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने यूरोप के चार मैचों के दौरे में शानदार प्रदर्शन करते हुए जर्मनी को पहले मुकाबले में 6-1 से हरा दिया। पीआर श्रीजेश के नेतृत्व वाली भारतीय टीम की ओर से नीलकांत शर्मा (13वें मिनट), विवेक सागर प्रसाद (27वें और 28वें मिनट), ललित कुमार उपाध्याय (41वें मिनट), आकाशदीप सिंह (42वें मिनट) और हरमनप्रीत सिंह (47वें) ने गोल किया। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने करीब 12 महीनों के अंतराल के बाद पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला।टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और जर्मनी पर दबाव बनाया। भारत को पहले क्वार्टर में 13वें मिनट में पेनल्टी कार्नर मिला और मिडफील्डर नीलकांत ने इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए पहला गोल किया। हालांकि, इसके कुछ मिनट बाद ही जर्मनी के फॉरवर्ड खिलाड़ी कोंन्सटांटिन स्टाएब ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। भारतीय टीम की ओर से विवेक ने 27वें और 28वें मिनट में, ललित और आकाशदीप ने क्रमश: 41वें और 42वें और हरमनप्रीत ने 47वें मिनट में गोल किया। विश्व की नंबर-4 जर्मनी की टीम निर्धारित समय तक कोई अन्य गोल नहीं कर सकी और उसे हार का सामना करना पड़ा। भारत और जर्मनी के बीच दूसरा मुकाबला मंगलवार को खेला जाएगा।