चेन्नई : आईपीएल 2021 के 13वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से शिकस्त दी। दिल्ली की यह लगातार दूसरी जीत है। इसी के साथ दिल्ली अंक तालिका में नंबर-2 पर पहुंच गई है। दिल्ली ने अब तक 4 में से 3 मैच जीते हैं। इस मुकाबले में दिल्ली के लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने 4 विकेट लिये। इसके बाद ओपनर शिखर धवन ने 44 रन की पारी खेलते हुए टीम को जिताया। इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की टीम ने 9 विकेट गंवाकर 137 रन बनाये। इसके जवाब में दिल्ली टीम ने 4 विकेट गंवाकर 138 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। धवन के अलावा स्टीव स्मिथ ने 29 बॉल पर 33 रन की पारी खेली।
फिरकी की जाल में फंसा मुंबई
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई कोलेग स्पिनर अमित मिश्रा (24/4) की शानदार गेंदबाजी से दिल्ली कैपिटल्स ने मामूली स्कोर पर रोक दिया। चेन्नई के टर्निंग ट्रैक पर अमित मिश्रा ने मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या, कीरोन पोलार्ड और ईशान किशन को शिकार बनाया। मुंबई के लिए कप्तान रोहित ने 30 बॉल पर सबसे ज्यादा 44 रन की पारी खेली। उन्होंने 3 चौके और 3 छक्के जड़े। उनके अलावा ईशान ने 26 और सूर्यकुमार यादव ने 24 रन बनाये। दिल्ली के लिए अमित के अलावा मार्कस स्टोइनिस, आवेश खान, कगिसो रबाडा और ललित यादव ने 1-1 विकेट लिया।