
नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी अपनी जबरदस्त बल्लेबाजी के अलावा अपने मानवीय पहलू के लिए भी जाने जाते हैं। रांची के एक मध्यमवर्गीय घर से निकलकर क्रिकेट की बुलंदियां छूने वाले धोनी का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं है। वह मैदान और मैदान के बाहर दोनों ही जगह कुछ हटकर करते रहते हैं, चाहे अपने फैसलों से खेल का पासा पलटने की बात हो या फिर आर्मी ट्रेनिंग कर दुनिया को चौंकाने का कदम। महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने धोनी के ऐसे ही एक और राज पर से पर्दा हटाया है। दरअसल, सुनील गावस्कर ने खुलासा किया है कि धोनी घरेलू उड़ान के दौरान बिजनेस क्लास में टीम इंडिया के साथी खिलाड़ियों के साथ नहीं बैठते थे। हालांकि ऐसा नहीं है कि धोनी को अपने साथी खिलाड़ियों से कोई समस्या है बल्कि धोनी किसी और वजह से उनसे दूर जाकर बैठते थे। गावस्कर के अनुसार, भारतीय टीम का कप्तान होने के बावजूद महेंद्र सिंह धोनी विमान में इकोनॉमी क्लास में टीवी क्रू के साथ बैठना पसंद करते थे। दरअसल, भारतीय टीम में ये व्यवस्था है कि अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बिजनेस क्लास में सफर के लिए सीट उपलब्ध होती है हालांकि तब बेहतरीन प्रदर्शन करने के बावजूद धोनी बिजनेस क्लास में सफर नहीं करते थे। इस बारे में गावस्कर ने बताया कि घरेलू मैचों में एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए दोनों टीमें एक ही चार्टर्ड विमान में सफर करती हैं। इसी विमान में टीवी क्रू के सदस्य भी होते हैं। बिजनेस क्लास में सीमित सीटें होने के कारण कप्तान, कोच और मैनेजर को ये सुविधा उपलब्ध होती है। मगर महेंद्र सिंह धोनी कप्तान होने के बावजूद वह इकोनॉमी क्लास में टीवी कवरेज करने वाले लोगों और कैमरामैन या साउंड इंजीनियर के साथ बैठा करते थे। गावस्कर ने साथ ही बताया कि मौजूदा भारतीय कप्तान विराट कोहली भी अब धोनी के नक्शेकदम पर चल रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘कोहली भी मैच जिताने वाले गेंदबाज को बिजनेस क्लास में सीट आफर करने के बाद इकोनॉमी क्लास में बैठ गए। ये छोटे-छोटे कदम टीम भावना को मजबूत करने का काम करते हैं।’