बंद दलसिंगपाड़ा चाय बागान में श्रमिकों का संकट गहराया

श्रम विभाग के अधिकारी और श्रमिक
श्रम विभाग के अधिकारी और श्रमिक
Published on

कालचीनी: अलीपुरदुआर जिले के कालचीनी ब्लॉक के बंद दलसिंगपाड़ा चाय बागान की स्थिति का जायज़ा लेने श्रम विभाग के अधिकारी पहुंचे। उन्होंने श्रमिकों से बातचीत की, उनकी शिकायतें और मांगे सुनी। मालूम हो कि पिछले मंगलवार को श्रमिकों ने फिर से फाउलाई भत्ता शुरू करने, बागान खोलने सहित कई मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। इस आंदोलन में तृणमूल और भाजपा दोनों ही श्रमिक संगठन उनके साथ खड़े हुए थे। इस दौरान श्रमिकों ने क्षेत्र में रैली निकाली और अपने मुद्दे और मांगों को लेकर ज़िलाशासक को एक ज्ञापन भी सौंपा था। इसी के बाद शुक्रवार को श्रम अधिकारी दलसिंगपाड़ा चाय बागान पहुंचे। गौरतलब है कि साल 2023 में पूजा से पहले बोनस को लेकर हुए विरोध के बाद यह बागान बंद हो गया था।

बाद में राज्य सरकार की ओर से बंद दलसिंगपाड़ा चाय बागान के श्रमिकों को हर महीने डेढ़ हज़ार रुपये फाउलाई भत्ता दिया जा रहा था, लेकिन श्रमिकों का आरोप है कि पिछले आठ महीने से वह भत्ता बंद है। एक तरफ बागान बंद है, दूसरी तरफ भत्ता बंद, इस वजह से श्रमिकों को भारी कठिनाई झेलनी पड़ रही है। इस विषय पर श्रमिकों ने यह भी बताया कि बागान बंद होने के बावजूद प्रबंधन की ओर से जल सुविधा जारी थी, लेकिन लगभग एक महीने पहले बागान का ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया, जिससे बागान कार्यालय और कारखाने में बिजली सेवा ठप है। इसके कारण जल आपूर्ति भी बंद हो गई है और श्रमिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस बारे में तृणमूल श्रमिक नेता मोहम्मद सज्जू ने कहा, हमने सभी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखी हैं। साथ ही, नए मालिक को बागान सौंप कर इसे फिर से शुरू करने की मांग भी की है। वहीं, अलीपुरद्वार के डिप्टी लेबर ऑफिसर गोपाल विश्वास ने कहा, श्रमिकों की फाउलाई भत्ता चालू करने की अपील हमने पहले ही उच्चाधिकारियों को भेजी थी। उसी रिपोर्ट के आधार पर यह निरीक्षण किया गया है। बाकी समस्याओं की जानकारी भी ज़िलाशासक और उच्चाधिकारियों को दी जाएगी।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in