
महिला विरोधी टिप्पणी को लेकर खेद जताया
मुंबईः महाराष्ट्र में घाटकोपर से भाजपा विधायक राम कदम ने अपने विधानसभा क्षेत्र में सोमवार की रात एक ‘दही हांडी’ कार्यक्रम में युवाओं से कथित रूप से कहा था कि उनकी पसंद की लड़की अगर उनका प्रस्ताव ठुकरा देती तो वह उसका अपहरण कर लेते। उनकी इस टिपप्णी के लिए बुधवार को मनसे और राकांपा ने उनकी तुलना रावण से की। हालांकि कदम अपनी टिप्पणी को लेकर खेद जता चुके हैं।
मनसे ने घाटकोपर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस के आवास के बाहर लगाये पोस्टर में उन्हें रावण के तौर पर दिखाया है।
राकांपा के प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि जब तक वह माफी नहीं मांगते उन्हें ‘रावण कदम’ कहा जाएगा। उनके माफी मांगने तक पूरे राज्य में प्रदर्शन किये जाएंगे।
कदम एक वीडियो क्लिप में उक्त टिप्पणी करते हुए सुने गये थे। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी से छेड़छाड़ की गयी है। यह उनकी पंक्ति नहीं थी। यद्यपि मैंने बाद में कहा था कि सभी घरों में माताएं, बहनें और बेटियां लक्ष्मी हैं और उनका सम्मान किया जाना चाहिए। यदि मैंने भावनाओं को ठेस पहुंचायी है तो मैं खेद जताता हूं।
युवा कांग्रेस के सदस्यों ने ‘जनसंघर्ष यात्रा’ के दौरान प्रदर्शन किया। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रमुख अशोक चह्वाण, पूर्व मंत्री हर्षवर्षन पाटिल और अन्य नेता भी इस दौरान उपस्थित थे। युवा कांग्रेस के महिला सदस्यों ने महाराष्ट्र के पुणे जिले में राम कदम के पुतले जलाये और पुतलों को चप्पलों से पीटा।