
खूंटी : जवानों से हथियार लूटने के आरोपियों में पत्थलगड़ी का मास्टरमाइंड यूसुफ पूर्ति अपने घर के परिसर में गांजे की खेती करता था। खूंटी के एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा ने खुलासा किया है। उन्होंने बताया है कि यूसुफ के घर छापेमारी और कुर्की जब्ती के दौरान गांजे की खेती किये जाने के साक्ष्य मिले हैं। यूसुफ के घर से आय व चरित्र प्रमाण पत्र भी बरामद किया गया है, जिसका पुलिस अध्ययन कर रही है। पुलिस उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि जवानों के हथियार लूटने व उन्हें अगवा करने और कोचांग में गैंग रेप की घटना में शामिल आरोपियों की खोज में पुलिस की छापेमारी जारी है। यूसुफ पूर्ति, बलराम समद, जोन जोनास तिड़ू, सुखराम मुंडू, ठकुरा मुंडा, जोटो मुंडा, बालगोविंद तिरू, मोतीलाल मुंडा, मंगरी देवी व अन्य सहित गैंग रेप के आरोपियों की खोज में पुलिस के 1500 जवान व अधिकारियों को लगाया गया है।
घाघरा की सीमा पर पुलिस तैनात
इधर, घाघरा गांव अब सामान्य होने लगा है। घटना के बाद से गांव छोड़ कर भागे लोग लौटने लगे हैं। हालांकि गांव के बाहरी सीमा क्षेत्र में पुलिस की तैनाती है। पुलिस प्रशासन भी ग्रामीणों से लौट आने की अपील कर रहा है। एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा ने साफ कहा है कि हमें आरोपियों की तलाश है। निर्दोष जनता को पुलिस परेशान नहीं करेगी।
आरोपियों की तसवीर होगी जारी
एडीजी अभियान आरके मल्लिक ने बताया कि गैंग रेप के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द हो, इसके लिए पुलिस आम लोगों का भी सहयोग लेगी। पुलिस आरोपियों की तस्वीर जारी करेगी। सूचना देनेवालों के नाम गुप्त रखे जायेंगे।