

कोलकाता : रुपये के लेन-देन को लेकर पुराने विवाद के चलते एक युवक की गला रेतकर हत्या की कोशिश की गयी। बदला लेने के लिए घायल युवक के साथियों ने भी आरोपित की पिटाई कर दी। उसे भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शुक्रवार देर रात इकबालपुर थानांतर्गत नवाब लेन में हुई। घायल युवक का नाम शेख इमरान है। उसे गंभीर अवस्था में एक प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। वहीं स्थानीय लोगों की पिटाई में घायल अभियुक्त का भी हाथ टूट गया। उसे इलाज के लिए प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस ने बताया कि इकबालपुर के नवाब अली लेन निवासी राशिद महमूद का उसी इलाके के रहने वाले युवक शेख इमरान से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार की रात विवाद बढ़ गया। विवाद के बाद मारपीट हो गई। नतीजतन, राशिद महमूद ने इमरान पर चाकू से हमला कर दिया। राशिद ने इमरान के गले पर चाकू से वार कर उसका गला रेत दिया। लहूलुहान हालत में इमरान को पहले एक निजी अस्पताल और फिर एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। इस बीच घटना की सूचना पाकर इमरान के दोस्तों ने राशिद महमूद को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटायी कर दी। हमले में राशिद का हाथ टूट गया और उसके शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट आयी। उसी रात इकबालपुर थाने में राशिद के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया। सूचना मिलते ही इकबालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने उसे बचाया और प्राथमिक उपचार के लिए एसएसकेएम अस्पताल ले गयी। वहाँ से उसके परिजनों ने उसे एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। गंभीर हालत में उसका वहाँ इलाज चल रहा है। पुलिस उससे पूरी घटना का पता लगाने की कोशिश कर रही है।