

कोलकाता : नर्स होने का दावा कर पहले विश्वास जीता और फिर मौका पाते ही नवजात को लेकर महिला चंपत हो गयी। घटना के बाद फूलबागान स्थित डॉ. बीसी राय शिशु अस्पताल में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने फूलबागान थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा दी है। मामले की जांच के दौरान 8 घंटे के अंदर पुलिस ने बच्चे का अपहरण करनेवाली महिलाको गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त का नाम सबीना बीबी है। पुलिस ने उसे उत्तर काशीपुर इलाके से पकड़ा है। उसके पास से बच्चे का उद्धार किया गया है।
क्या है पूरा मामला
भांगड़ के काशीपुर की रहने वाली मंजुला बीबी सोमवार की सुबह अपने 6 महीने के बेटे को लेकर कोलकाता के बी.सी. राय अस्पताल आ रही थीं। बस में उसकी मुलाकात एक अज्ञात महिला से हुई, जिसने बातचीत के दौरान खुद को अस्पताल की नर्स बताया। मंजुला ने उस पर विश्वास कर लिया और दोनों पहले बस से करुणामयी पहुंची और वहां से ऑटो में सवार होकर दोनों महिलाएं बीसी राय अस्पताल पहुंचीं। सुबह 10.20 बजे दोनों महिलाएं अस्पताल में डॉक्टर दिखाने के लिए पहुंची थीं। अस्पताल में डॉक्टर को दिखाने तक वह महिला मंजुला के साथ ही रही। बाद में दवाइयाँ खरीदने के लिए बाहर जाते समय मंजुला ने कुछ देर के लिए बच्चे को अभियुक्त महिला के पास छोड़ दिया। लौटने पर न तो बच्चे का पता चला और न ही वह महिला दिखाई दी। पूरे अस्पताल में तलाश के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। घटना समझ में आते ही मंजुला और परिजन सीधे फूलबागान थाने पहुंचे। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की तलाश शुरू कर दी है।
अभियुक्त महिला अस्पताल से बच्चा चुराकर पहुंची थी सियालदह
पुलिस सूत्रों के अनुसार मंजुला जैसे ही दवा लेने के लिए गयी तभी अभियुक्त उसका बच्चा लेकर अस्पताल के बाहर निकली। अभियुक्त महिला ने अस्पताल के बाहर से ऑटो पकड़ा और सीधे नारकेलडांगा कैजर स्ट्रीट पहुंची। वहां से वह पैदल ही सियालदह स्टेशन पहुंची। महिला का यह मूवमेंट पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पाया। सूत्रों के अनुसार सियालदह स्टेशन के अंदर कैमरे का फुटेज नहीं मिला है। ऐसे में अंदर से वह किस ट्रेन में सवार हुई यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। बाद में फूलबागान थानेकी पुलिस ने उत्तर काशीपुर थाने की पुुलिस से संपर्क कर अभियुक्त महिला की तस्वीर उन्हें भेजी। जांच के दौरान महिला को गिरफ्तार किया गया।