एसएसकेएम और मेडिकल कॉलेज से दो दलाल गिरफ्तार

कोलकाता पुलिस के डीडी के अधिकारियों ने पकड़ा
गिरफ्तार सचिन राउत
गिरफ्तार सचिन राउत
Published on

कोलकाता : सरकारी अस्पतालों में कभी बेड दिलाने के नाम पर तो कभी अन्य सेवाओं का लाभ दिलाने का लालच देकर मरीज के परिजनों से रुपये ऐंठने का आरोप दलालों पर लगता रहा है। इसी तरह के आरोप के आधार पर इस बार पुलिस ने एसएसकेएम अस्पताल और कोलकाता मेडिकल कॉलेज व अस्पताल से दो कथित ‘दलालों’ को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम सचिन राउत और गुलाम रसूल हैं।

गिरफ्तार गुलाम रसूल
गिरफ्तार गुलाम रसूल

मेडिकल कॉलेज से एक आरोपित गिरफ्तार

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मेडिकल कॉलेज में दलालचक्र चलाने के आरोप में सचिन राउत नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि इलाज के लिए आये एक मरीज के परिवार से बेड दिलाने के नाम पर उसने 10 हजार रुपये की मांग की थी। परिवार ने इतनी राशि देने में असमर्थता जतायी, जिसके बाद दोनों पक्षों में सौदेबाजी हुई और अंततः 5 हजार रुपये में बात तय हो गयी। लेकिन रकम देने के बाद भी मरीज को बेड नहीं मिला। शिकायत के आधार पर बहूबाजार थाने की पुलिस ने सचिन राउत को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को अभियुक्त को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया गया। सरकारी वकील अरूप चक्रवर्ती ने बताया कि अभियुक्त अस्पताल में वार्ड ब्वॉय का काम करता है। अदालत ने उसे 29 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। इसी तरह एसएसकेएम अस्पताल में भी सेवाएं दिलाने के नाम पर पैसे लेने के आरोप में गुलाम रसूल नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। यहां उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी मेडिकल कॉलेज में इसी तरह के दलालचक्र को लेकर हंगामा मचा था। राज्य के विभिन्न अस्पतालों में मरीजों को बेड मिलने में कठिनाई की शिकायतें आम हैं। कई मामलों में दलाल मरीजों के परिजनों से पैसे मांगते हैं और पैसे देने पर बेड दिलाने का दावा करते हैं। गरीब परिवार ऐसे बड़े खर्च का बोझ उठा नहीं पाते और बेड से भी वंचित रह जाते हैं। शिकायतें बढ़ने पर अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और जांच समिति गठित कर विभिन्न कदम भी उठाये गये।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in