

बारुईपुर : पारिवारिक विवाद के चलते युवक संतू मंडल की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में देवव्रत पात्र, मिजानुर पाइक, जसीमुद्दीन लस्कर और हफीजुल मोल्ला शामिल हैं। बताया गया है कि देवव्रत, मिजानुर और जसीमुद्दीन बारुईपुर के बारुईपुर के बेलेगाछी इलाके के निवासी हैं, जबकि हफीजुल मोल्ला जीवनतल्ला का रहने वाला है। पुलिस ने रविवार को बेलेगाछी से इन्हें दबोचा। बारुईपुर के एसडीपीओ अभिषेक रंजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि गत 3 अक्टूबर को स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने एक शव बरामद किया था। शव की पहचान संतू मंडल के रूप में हुई, और उसके गले पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। पुलिस ने इसे अस्वाभाविक मौत मानते हुए हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में यह खुलासा हुआ कि यह हत्या पारिवारिक कलह के कारण हुई है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस के मुताबिक, हत्या का मुख्य आरोपी देवव्रत पात्र है, जो मृतक संतू मंडल का जीजा है। देवव्रत और संतू एक साथ बंगलुरु में एक साथ काम करते थे। मृतक संतु बारुईपुर के पियाली इलाके का रहने वाला था। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि देवव्रत और संतू के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी, जो इस हत्या की वजह बनी। पुलिस ने बताया कि इस पारिवारिक विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। फिलहाल आरोपी हिरासत में हैं और आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य जुड़ाव तलाश रही है। स्थानीय लोग इस हत्या से सदमे में हैं और पुलिस से जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।