1.99 लाख रुपये के नकली नोट जब्त

जाली भारतीय नोटों की तस्करी
1.99 लाख रुपये के नकली नोट जब्त
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

मालदह : बंगाल में भारत बांग्लादेश अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित बीएसएफ दक्षिण बंगाल सीमांत की 71वीं वाहिनी की सीमा–चौकी सोवापुर के जवानों ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जाली भारतीय मुद्रा (FICN) की तस्करी की कोशिश को नाकाम कर 1,99,500/– मूल्य के 399 (₹500 मूल्यवर्ग के) नकली नोट जब्त किए।

3 सितम्बर को सीमा चौकी सोवापुर के जवानों को जाली नोटों की तस्करी के संबंध में एक गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात सभी जवानों को अतिरिक्त अलर्ट कर दिया गया था। दोपहर लगभग 1 बजे के आस–पास ड्यूटी पर तैनात जवानों को बांग्लादेश की तरफ से तारबंदी के नजदीक कुछ हरकत दिखाई दी जवानों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए अपने अन्य साथियों को सजग किया और उस तरफ दौड़े, मौके पर पहुंच कर जवानों ने पूरे इलाके की गहन तलाशी ली जिसके दौरान एक संदिग्ध पैकेट मिला, जिसको खोलने पर उसके अंदर से जाली भारतीय नोट बरामद हुए, जिनको जवानों ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया।

प्रारंभिक जाँच में यह पाया गया कि सभी नोट नकली हैं । जब्त किए गए सभी 399 नोट 500 रुपए के है जिनकी कुल कीमत ₹1,99,500/- है। इस घटना के संबंध में यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह जाली भारतीय रुपए किसी बांग्लादेशी तस्कर द्वारा भारत में तस्करी के उद्देश्य से सीमा पार फेंके गए थे, जिसको की किसी भारतीय तस्कर द्वारा उठाया जाना था, हालांकि बीएसएफ जवानों की सतर्कता के चलते तस्कर इस कोशिश में नाकाम रहे।

जब्त किए गए सभी जाली नोटों को आगे की कार्यवाही के लिए सम्बन्धित विभाग को सौंप दिया गया है।

बीएसएफ दक्षिण बंगाल सीमांत के जनसंपर्क अधिकारी ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया की जाली नोटों की तस्करी देश की अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा खतरा है औऱ बदली हुई प्रस्थिति में यह खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि बीएसएफ सीमाओं पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in