Jharkhand Assembly Session : झारखंड विधानसभा का पहला विशेष सत्र शुरू | Sanmarg

Jharkhand Assembly Session : झारखंड विधानसभा का पहला विशेष सत्र शुरू

  • हेमंत सोरेन सहित कई सदस्यों ने ली शपथ
  • 12 दिसंबर तक चलेगा सत्र

रांची झारखंड : राज्य की नवगठित छठी विधानसभा का पहला 4 दिवसीय विशेष सत्र सोमवार को दिन के 11.15 बजे शुरू हुआ। यह सत्र 12 दिसंबर तक चलेगा। प्रोटेम स्पीकर प्रो. स्टीफन मरांडी ने कार्यवाही प्रारंभ होने के साथ नयी विधानसभा के गठन को लेकर राज्यपाल का संदेश पढ़ा। उन्होंने झारखंड के वीर शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सपनों के अनुरूप विकसित झारखंड बनाने में सभी सदस्य सहयोग करेंगे, इसकी कामना करता हूं। प्रोटेम स्पीकर ने विधानसभा के स्थायी अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया से भी सदस्यों को अवगत कराया। इसके बाद नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया शुरू हुयी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बरहेट विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचित सदस्य के रूप में शपथ दिलायी गयी। इसके बाद छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के सदस्य के तौर पर राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और चाईबासा सीट से निर्वाचित परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने शपथ ली। घाटशिला के नवनिर्वाचित विधायक के तौर पर स्कूली शिक्षा विभाग के मंत्री रामदास सोरेन ने संथाली भाषा, गिरिडीह विधानसभा सीट के विधायक के रूप में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने खोरठा, जामताड़ा के विधायक के रूप में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बांग्ला और मधुपुर के विधायक के रूप में जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने उर्दू में शपथ ली।

वहीं कृषि एवं पशुपालन विभाग की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मांडर सीट के विधायक के रूप में शपथ ली। कई विधायकों ने झारखंड की क्षेत्रीय भाषाओं में शपथ ली। डुमरी सीट से पहली बार विधानसभा सदस्य के रूप में चुने गये झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के जयराम महतो ने सदन में प्रवेश करने के पहले चौखट पर माथा टेका। वह नंगे पांव सदन में पहुंचे हैं। सदन में सदस्यों की संख्या 82 की बजाय 81 है। इसकी वजह यह है कि विधानसभा में 82वें विधायक के रूप में एंग्लो इंडियन समुदाय के किसी व्यक्ति को मनोनीत करने की संवैधानिक व्यवस्था अब समाप्त हो गयी है।

विधानसभा में सत्ता पक्ष के सदस्य संख्या बल में पिछली सभी विधानसभाओं से ज्यादा हैं। सदन में 21 यानी एक चौथाई विधायक ऐसे हैं, जो पिछली विधानसभा का हिस्सा नहीं थे। विधानसभा में 4 पार्टियों का एकल प्रतिनिधित्व होगा। जदयू, लोजपा (आर), आजसू पार्टी और जेएलकेम के एक-एक विधायक जीतकर सदन में पहुंचे हैं। 81 सदस्यीय सदन में इस बार झामुमो के 34, भाजपा के 21, कांग्रेस के 16, राजद के 4 और सीपीआई एमएल के 2 विधायक पहुंचे हैं। सदन में एक भी निर्दलीय विधायक नहीं है।

  • सत्र से पहले मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक

विधानसभा का सत्र शुरू होने से पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा अध्यक्ष और राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास पर सत्ता पक्ष के मंत्री एवं विधायक दल की बैठक हुयी। बैठक में आगामी विधानसभा सत्र में सत्ता पक्ष की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि बैठक में विधानसभा सत्र के बारे में बातें हुईं। सरकार के साथ हम आगे कैसे बढ़ें, लोगों का विकास कैसे हो, क्षेत्र का विकास कैसे हो, इन तमाम मुद्दों पर बातचीत हुई। राज्य के मंत्री रामदास सोरेन ने कहा, महागठबंधन दल की बैठक हुई। विधानसभा अध्यक्ष कौन होगा, इससे संबंधित विषयों पर चर्चा हुयी है। इसे लेकर मुख्यमंत्री को ओर से जरूरी दिशा-निर्देश दिये गये हैं।

Visited 32 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर