
गाजियाबाद : एक महिला ने इंजीनियर पति पर बहन बुलाने का आरोप लगाते हुए इंदिरापुरम पुलिस से शिकायत की है। पति के दूसरी महिला से संबंध होने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पति घर में उन्हें बहन की तरह रखता है। विरोध करने पर चुप रहने की धमकी देता है। पुलिस ने दोनों की काउंसिलिंग के लिए मामला महिला थाने भेजा है। इंदिरापुरम की एक कॉलोनी में महिला परिवार के साथ रहती है। उनकी शादी करीब 14 साल पहले हुई थी। पति एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में इंजीनियर है। बच्चों ने भी पिता को समझाने का प्रयास किया, मगर वह समझने को तैयार नहीं हैं। अब महिला का कहना है कि उन्होंने इसकी पड़ताल की तो पता चला कि पति का किसी अन्य महिला के साथ संबंध है। इससे परेशान होकर महिला बुधवार को इंदिरापुरम थाने में शिकायत देने पहुंची। इंदिरापुरम थाना प्रभारी मनीष बिष्ट का कहना है कि पति और पत्नी के बीच विवाद को सुलझाने के लिए इनकी काउंसिलिंग की जरूरत है। मामले को महिला थाने भेज दिया गया है।